रेवदर/गोविन्द कुमार। अब अपराधियों की खैर नहीं, तीसरी आँख रखेगी हर घटना पर पैनी नजर। आज के समय में सुरक्षा व्यवस्था के लिए डिजिटल सुविधा आवश्यक हैं।
![](https://gaonvokasangi.com/wp-content/uploads/2022/01/FB_IMG_1643627904276.jpg)
इसी को लेकर उपखण्ड मुख्यालय एवं ग्राम पंचायत रेवदर में विधायक जगसीराम कोली द्वारा अपने विधायक कोष से हर प्रमुख जगह पर सुरक्षा व्यवस्था हेतु सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत रेवदर इस कार्य में अपना सहयोग प्रदान कर रही हैं।
रेवदर के युवा सरपंच अजबाराम चौधरी के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विधायक कोष से स्वीकृत सीसीटीवी कैमरों को ग्राम पंचायत रेवदर की सहायता से गांव के विभिन्न मुख्य स्थानों पर जैसे पुलिस थाना, तहसील तिराहे, जीरावल चौराहे, मीठन मार्ग, मुख्य बस स्टैंड पर लगाया जा रहा हैं। साथ ही शेष बचे मुख्य स्थानों पर भी जल्द ही कैमरे लगाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त कैमरों के माध्यम से होने वाले अपराधों पर पैनी नजर रखी जाएगी साथ ही शरारती तत्वों पर अंकुश भी लगेगा।
![](https://gaonvokasangi.com/wp-content/uploads/2022/01/FB_IMG_1643627906330-461x1024.jpg)
सीसीटीवी कैमरों को लगाएं जाने की बात पर ग्रामवासियों ने विधायक जगसीराम कोली एवं सरपंच अजबाराम चौधरी का आभार व्यक्त किया। वार्ड पंच गोदाराम चौधरी एवं ग्रामीणों के अनुसार कैमरों के लग जाने से अब सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी एवं असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगेगा।